भारत में ज्योतिष शास्त्र का विकास प्राचीन समय से विस्तृत क्षेत्र में हुआ है और उसमें पंचांग अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। इसके अलावा जन्म से लेकर मृत्यु तक प्रत्येक कार्य में ग्रह-नक्षत्रों की दशा को देखा जाता है तथा उनके अनुसार ही कार्य किये जाते हैं। परन्तु आज के समय में कैलेंडर अपने आप में बहुत महत्त्वपूर्ण वस्तु बन गया है और हम लोग कैलेंडर के हिसाब से ही सभी कार्यक्रम बनाते हैं।

हिन्दू पंचांग व इंग्लिश कैलेंडर दोनों के अनुसार सप्ताह में सात दिन होते हैं। इंग्लिश कैलेंडर के अनुसार रविवार सप्ताह का आखिरी दिन होता है व हिन्दू पंचांग के अनुसार पहला। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि सप्ताह में सात दिन ही क्यों बनाए गए? दरअसल, ज्योतिष में ग्रहों की संख्या नौ मानी गई है, जो इस प्रकार हैं, सूर्य, चन्द्र, मंगल, बुध, गुरू, शुक्र, शनि, राहू और केतु। इनमें से राहु और केतु को छाया ग्रह माना गया है। इसलिए इनका प्रभाव हमारे जीवन पर छाया के समान ही पड़ता है।

जो आकाशीय पिण्ड सूर्य के चारों और परिक्रमा करते हैं तथा निरंतर गतिशील होते हैं, उसे ग्रह कहते हैं। सौरमण्डल के सभी ग्रह दो प्रकार से गति करते है –

जब ग्रह सूर्य के चारों ओर घूमते है और परिक्रमा करके एक चक्कर पूरा कर लेते हैं तो वह उस ग्रह का एक वर्ष बनता है। हमारी पृथ्वी सूर्य के चारों ओर 365 दिन में एक चक्कर पूरा करती है जिसे पृथ्वी का एक वर्ष कहते हैं। सूर्य के चारों ओर गति करते हुए ग्रह अपनी धुरी पर भी घूमते रहते हैं। जब ग्रह अपनी धूरी पर एक चक्कर पूरा कर लेते है तो वह उस ग्रह का एक दिन कहलाता है। हमारी पृथ्वी 24 घंटे में अपनी धुरी पर एक बार पूरी तरह घूम जाती है, जिसे पृथ्वी का एक दिन कहते हैं।

भारतीय ज्योतिष के अनुसार एक दिन में 24 होरा मानी गई है। प्रत्येक होरा एक घंटे की होती है। होरा का क्रम सदैव सूर्य, शुक्र, बुध, चन्द्र, शनि, गुरू, मंगल होता है। इस प्रकार क्रम से 25वें घंटे में जिस ग्रह की होरा आती है, उसी ग्रह के अनुसार उस दिन का नाम रखा गया है। दिन की शुरूआत सूर्योदय के साथ होती है। अतः सूर्योदय के समय जिस ग्रह की पहली होरा होती है, वह दिन उसी ग्रह का माना जाता है। इसलिए ऋषि-मुनियों ने ग्रहों का महत्व देखते हुए प्रत्येक ग्रह का अधिपति एक देवता निश्चित किया और उसी नाम से एक वार बनाया।

सृष्टि में सबसे पहले सूर्य का निर्माण हुआ था। इसलिए हिन्दू पंचाग में पहली होरा सूर्य की और रविवार को सप्ताह का पहला दिन माना जाता है। सोमवार के दिन की शुरूआत चन्द्र की होरा के साथ होती है। इसलिए उसे सोमवार नाम दिया गया। चन्द्र का एक नाम सोम भी है। इसी तरह क्रमानुसार मंगल, बुध, गुरू, शुक्र, शनि आदि ग्रहों की होरा आती हैं। दिन की शुरूआत इन्हीं ग्रहों की होरा उदित होने के कारण सम्बन्धित ग्रह को उस दिन का प्रधान मानकर उसका नाम दिया गया। इन कारणों से सप्ताह में सात दिन होते हैं।